मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम नकटिया में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में 24 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि हरिप्रसाद यादव और उनकी पत्नी प्रीति यादव पर उनके ही रिश्तेदारों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है। घटना में हरिप्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रीति यादव को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव भेजा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी सोनम पाटिल के नेतृत्व में थाना जुन्नारदेव एवं चौकी अंबाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर हरिप्रसाद यादव का शव घर के सामने पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सिर पर लाठी और कुल्हाड़ी से गंभीर चोटों के निशान पाए गए।
घायल प्रीति यादव ने पुलिस को बताया कि गांव के हरलाल यादव और सकरलाल यादव से खेत की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में कोर्ट का फैसला उनके पक्ष में आया था, जिससे आरोपी पक्ष रंजिश रखता था।
प्रीति यादव के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे आरोपी कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से लैस होकर उनके खेत स्थित घर पहुंचे। आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने की बात कहते हुए दंपति पर हमला कर दिया। हमले में हरिप्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रीति यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रीति यादव की शिकायत पर पुलिस ने हरलाल यादव, सकरलाल यादव सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि घायल प्रीति यादव को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लगातार दबिश देकर 24 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां, छह डंडे तथा आरोपियों के घटना के समय पहने हुए कपड़े जब्त किए गए।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह नरसिंहपुर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम, चौकी प्रभारी अंबाड़ा उपनिरीक्षक संजय सोनवानी सहित थाना जुन्नारदेव, चौकी अंबाड़ा एवं एसडीओपी कार्यालय की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

