राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी बस स्टैंड पर एक महिला के बैग से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना देवरी में शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक मोटरसाइकिल पर रखा बैग चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि चोर बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल से बैग लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान से पहले भी बैग चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के थाना पथरिया अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा निवासी रोशनी पति श्रीराम चढ़ार (25 वर्ष) शुक्रवार, 10 जुलाई की शाम करीब 5 बजे अपने छोटे भाई के साथ देवरी बस स्टैंड से होकर अपने मायके ग्राम डोभी जा रही थीं। इस दौरान उनके भाई ने मोटरसाइकिल खड़ी कर कपड़ों से भरा बैग बाइक पर रखा और पास की दुकान पर चूड़ियां देखने चला गया।
कुछ देर बाद जब रोशनी बाइक के पास पहुंचीं तो बैग वहां नहीं था। भाई से पूछने पर उसने भी बैग के बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। काफी तलाश के बावजूद बैग का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़िता ने बताया कि बैग में करीब 350 ग्राम वजन की एक जोड़ी चांदी की पायल, करीब 4 ग्राम का सोने का मांगटीका तथा करीब 5 ग्राम की सोने की चेन रखी हुई थी। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़िता ने थाना देवरी में आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज कर चोरी गए जेवर बरामद करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

