रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, इंदौर/भोपाल (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश में प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 13 जुलाई को भोपाल में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। कॉन्क्लेव में देश-विदेश के उद्योग जगत, निवेशकों और नीति विशेषज्ञों का संगम होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राज्य सरकार के टेक्नोलॉजी विजन को प्रस्तुत करेंगे तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर निवेश, परियोजनाओं के क्रियान्वयन और भविष्य के सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे कॉन्क्लेव परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देना है, ताकि मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख टेक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके।
कॉन्क्लेव में प्रदेश की तकनीकी विकास यात्रा पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही अग्रणी कंपनियों के विशेषज्ञ जीसीसी विस्तार, डेटा सेंटर विकास और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़े अवसरों पर अपने विचार साझा करेंगे। विभिन्न रणनीतिक साझेदारियों और समझौतों का आदान-प्रदान भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहेगा।
राउंडटेबल चर्चाओं में उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और शिक्षाविद राज्य में निवेश संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन, औद्योगिक अधोसंरचना और नीतिगत सहयोग जैसे विषयों पर मंथन करेंगे। प्रमुख विषयों में एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का विकास, मध्यप्रदेश को जीसीसी हब बनाना और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना शामिल है।
कॉन्क्लेव में सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स, केन्स टेक्नोलॉजीस, फुजियामा पॉवर और न्योबोल्ट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। वहीं आईआईएसईआर और आईआईएम इंदौर जैसे शैक्षणिक संस्थान भी नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास से जुड़े सत्रों में सहभागिता करेंगे।
पिछले संस्करणों की सफलता को देखते हुए इस बार भी बड़े निवेश और रोजगार सृजन की उम्मीद है। कॉन्क्लेव 1.0 में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिससे करीब 75 हजार रोजगार के अवसर बने। वहीं कॉन्क्लेव 2.0 में 12 हजार करोड़ रुपये के निवेश से लगभग 48 हजार रोजगार सृजित हुए थे।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि कॉन्क्लेव 3.0 प्रदेश में निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

