मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात पुलिस ने थाना सदर बाजार क्षेत्र में लाल इमली से सुभाष नगर होते हुए मॉडल रोड तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटवाए गए तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में यातायात पुलिस ने अस्पतालों और मुख्य मार्गों के सामने सड़क तक फैले सामान, अवैध ठेलों तथा अन्य अवरोधों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाया। साथ ही यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, दुकानदारों से अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने तथा वाहन चालकों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनहित में जाम और अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

