गुलशन परूथी, शाजापुर (मप्र), NIT:

शाजापुर जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा पुलिस की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी श्रीमती शुक्ला ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना, महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत करना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई। आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।
नई पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील समाधान किया जाएगा और पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी एवं परिणाममुखी बनाया जाएगा।

