राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी थाना पुलिस ने पिछले छह माह के दौरान हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 17 बोरी मूंग, 13 बोरी चना तथा चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी 49 MJ 1968) जब्त की है।
थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि पहली वारदात 25 जनवरी 2026 को छीर गांव में गल्ला व्यापारी अनिल जैन के यहां हुई थी, जहां से 35 बोरी चना चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों से 12 बोरी चना बरामद कर लिया है।

दूसरी वारदात 4 जून को खंडेराव वार्ड निवासी सतीश जैन के यहां हुई, जहां से 7 बोरी मूंग और 1 बोरी चना चोरी हुआ था। पुलिस ने इस घटना में चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।

तीसरी वारदात 29 जून को खंडेराव वार्ड निवासी करण राजपूत के यहां हुई थी, जहां से 10 बोरी मूंग चोरी हुई थी। इस मामले में भी पुलिस ने पूरा माल बरामद कर लिया है।
पुलिस ने मामले में पुंडे उर्फ अंकित पटेल (20) निवासी खंडेराव वार्ड और आशिक खान (28) निवासी संजय नगर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपी चोरी के लिए मोटरसाइकिल का उपयोग करते थे, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

