मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

कलान थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कलान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे आँधीदेई तिराहे के पास मंदिर के पीछे से बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार 17 जून को दर्ज मुकदमे में आरोप था कि एक 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया तथा उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 23 जून को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया था। पीड़िता के बयान एवं शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर मुकदमे में धारा 87, 65(1) बीएनएस के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं 3/4(2)/5(एल)/6 भी बढ़ाई गईं।
चूंकि आरोपी बाल अपचारी है, इसलिए उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस ने उसे किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत बाल मित्र कक्ष में रखा और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड, शाहजहाँपुर के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रदीप रावत, हेड कांस्टेबल महेन्द्र शुक्ला तथा कांस्टेबल प्रतीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
