मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक संदेश देते हुए युवा समाजसेवी नेहिल सुरेश सांबारे ने अपना 25वां जन्मदिन वृक्षारोपण कर मनाया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक जन्मदिन–50 पौधे’ अभियान की शुरुआत करते हुए समाज, विशेषकर युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नेहिल सांबारे का मानना है कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन होना चाहिए। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने जन्मदिन पर पौधारोपण किया और हर वर्ष अपने जन्मदिन पर 50 पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा, “यदि हम सभी अपने जीवन के प्रत्येक जन्मदिन पर कम से कम 50 पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है। मेरे लिए इससे बड़ा जन्मदिन का उपहार कोई नहीं हो सकता।”
इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वृक्षों के संरक्षण की भावना विकसित करना है। नेहिल ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण कर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

