मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
दिनांक 02/07/2026 को झापूढ़ाना निवासी शिवराज यदुवंशी थाना पहुंचे और उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे को बताया कि उनका WhatsApp हैक हो गया है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके WhatsApp अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए उनके दोस्तों और परिचितों को QR कोड/स्कैनर भेजकर पैसे मांगने का प्रयास किया जा रहा था।
उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे ने तत्काल मोबाइल की जांच की। सबसे पहले मोबाइल का डेटा बंद कराया, फिर APK के रूप में इंस्टॉल हुई संदिग्ध फाइल को अनइंस्टॉल किया। इसके बाद कॉल फॉरवर्डिंग को *#413# (या संबंधित प्रक्रिया) के माध्यम से निष्क्रिय कराया तथा मोबाइल को सुरक्षित कर दोबारा WhatsApp इंस्टॉल कर पूर्ववत चालू कराया। इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को संभावित साइबर ठगी से बचा लिया गया।
वर्तमान में पुलिस मुख्यालय द्वारा ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा स्कूलों, बाजारों, चौक-चौराहों, बैंकों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे साइबर सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करें और किसी भी अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। साइबर अपराधी अक्सर शादी के कार्ड, RTO चालान, पीएम किसान निधि योजना, राशन कार्ड आदि के नाम से APK फाइल भेजते हैं। कई लोग बिना जांचे-परखे इन फाइलों को डाउनलोड कर लेते हैं, जिससे उनका मोबाइल हैक हो जाता है और वे साइबर ठगी का शिकार बन सकते हैं।

