रहस्यमय परिस्थितियों में पिता-पुत्र की मौत, उल्टियां और मुंह से झाग आने के बाद तोड़ा दम | New India Times

राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

New India Times

गौरझामर के खाचा मोहल्ला निवासी पिता-पुत्र की रहस्यमय मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस हृदयविदारक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। जानकारी के अनुसार, गौरझामर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य भोले प्रजापति (49) और उनके इकलौते 9 वर्षीय पुत्र लक्ष्य प्रजापति की बुधवार देर रात करीब 3 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई।

रहस्यमय परिस्थितियों में पिता-पुत्र की मौत, उल्टियां और मुंह से झाग आने के बाद तोड़ा दम | New India Times

दोनों को उल्टियां होने लगीं और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन उन्हें तत्काल गौरझामर के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी लाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को 108 एम्बुलेंस से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतक के भाई श्रीराम प्रजापति ने बताया कि उनके भाई भोले प्रजापति गौरझामर में रहते थे और सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी अभी नहीं है, केवल इतना पता है कि रात में दोनों को अचानक उल्टियां होने लगी थीं।

रिश्तेदार तुलसीराम ने बताया कि रात करीब 3 बजे पिता-पुत्र दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद उन्हें देवरी ले जाया गया, जहां से सागर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि भोले प्रजापति अपने पुत्र लक्ष्य और दादी के साथ जैसीनगर के जमुनिया गौड़ गांव में अपनी पुत्री शोभना के देवर की शादी में शामिल होकर मंगलवार को गौरझामर लौटे थे। उन्होंने यह भी बताया कि दो-तीन दिन पहले उनके घर की कच्ची दीवार में सांप निकलने की घटना की जानकारी मिली थी।

परिजनों के अनुसार, भोले प्रजापति की चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से पुत्र लक्ष्य का जन्म हुआ था। पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों का अंतिम संस्कार देवरी के बेलढाना रोड स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और मामले की जांच जारी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.