मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संगठन के विभिन्न पदों, प्रकोष्ठों और विभागों में अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इसी क्रम में शनिवार को बुरहानपुर में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की गई।
खरगोन से नियुक्त बुरहानपुर प्रभारी जाकिर खान ने जिला कांग्रेस कमेटी शहर कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा अध्यक्ष पद के दावेदारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता को सर्वसम्मति से अध्यक्ष बनाया जाएगा।
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिंकू टांक ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान के तहत शहर एवं ग्रामीण अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए रायशुमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक कांग्रेस की पूर्व कार्यकारिणी भंग किए जाने के बाद नए अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है।
अल्पसंख्यक नेता व मीडिया प्रभारी ने किया स्वागत
जिला कांग्रेस कमेटी शहर के मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने बुरहानपुर पहुंचे प्रभारी जाकिर खान का शॉल एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नए अध्यक्ष के चयन से अल्पसंख्यक कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे आने का अवसर प्राप्त होगा।
इन कार्यकर्ताओं ने पेश की दावेदारी
रायशुमारी के दौरान जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए डॉ. इमरान, साजिद अंसारी, अबरार पार्षद और इरफान खान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। वहीं ग्रामीण अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए डॉ. फिरोज बैग ने दावेदारी पेश की। प्रभारी जाकिर खान ने सभी दावेदारों से चर्चा कर उनकी संगठनात्मक सक्रियता और कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता डॉ. फरीद काजी, नूर काजी, मुशर्रफ खान, तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, वसीम खान एडवोकेट, मुज्जू मीर, जाकिर बांदा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

