मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबरी में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जनपद सदस्य राजेंद्र सिंह (मुन्ना) द्वारा रामनगर थाना प्रभारी, मैहर कलेक्टर एवं रीवा संभाग के कमिश्नर को शिकायत सौंपकर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत का उत्खनन जारी है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया, इसके बावजूद स्थिति में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया।
हाल ही में सोशल मीडिया पर रेत से भरे ट्रक एवं ट्रैक्टरों का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके आधार पर अवैध उत्खनन के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि खदान वैध है तो प्रशासन इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करे, अन्यथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
यदि इस मामले में प्रशासन, पुलिस या खनिज विभाग का कोई पक्ष अथवा बयान प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

