अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

राज्य साइबर पुलिस भोपाल ने आम नागरिकों को बिजली बिल अपडेट न होने और बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देने वाले फर्जी WhatsApp एवं SMS संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है। साइबर अपराधी खुद को बिजली विभाग या एमपीईबी का अधिकारी बताकर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं।
साइबर पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, ठग उपभोक्ताओं को संदेश भेजकर दावा करते हैं कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं हुआ है या रात में 9:30 बजे बिजली काट दी जाएगी। इसके बाद वे किसी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने अथवा दिए गए लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं।
एडवाइजरी में बताया गया है कि ऐसे साइबर अपराधी AnyDesk, Quick Support जैसे रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करवाकर बैंक खातों से रकम निकाल सकते हैं। इसके अलावा वे OTP, UPI PIN, बैंक डिटेल्स और स्क्रीन शेयरिंग जैसी संवेदनशील जानकारी भी हासिल करने का प्रयास करते हैं।
साइबर पुलिस की सलाह
1.बिजली बिल की जानकारी केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से ही जांचें।
2.अनजान नंबरों पर कॉल न करें।
3.किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
4.OTP, UPI PIN, CVV या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
5.संदिग्ध नंबरों को तुरंत ब्लॉक कर उनकी शिकायत करें।
राज्य साइबर पुलिस, भोपाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल के झांसे में न आएं। किसी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 7587646775 पर शिकायत दर्ज कराएं।
