पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग पर उठाए सवाल | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग पर उठाए सवाल | New India Times

तामिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगीमुआर के मरकाखेड़ा गांव में निर्माणाधीन पुलिया को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे पुलिया की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण में पुराने एवं क्षतिग्रस्त पाइपों का उपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि पाइपों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार बेस तैयार किए बिना ही जमीन पर स्थापित कर दिया गया है। साथ ही निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने की भी शिकायत की गई है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से उन्होंने कई बार सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराने की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि इसी प्रकार निर्माण कार्य जारी रहा तो पुलिया कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो सकती है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक पानी की तराई (क्योरिंग) नहीं की जा रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

गौरतलब है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और मूल्यांकन की जिम्मेदारी संबंधित उपयंत्री की होती है। ऐसे में ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों में अनियमितताएं लंबे समय से जारी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायतों पर संबंधित विभाग और जनपद पंचायत के अधिकारी क्या कदम उठाते हैं तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठाए गए सवालों की जांच किस प्रकार की जाती है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article