इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

भुसावल शहर में समाजसेवा की एक मिसाल पेश करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक इलियास शेख सर ने हज यात्रा पर रवाना होने से पहले मुस्लिम समाज के लिए एक जनाजा वाहन (शव वाहन) उपलब्ध कराया है। यह वाहन रजा फाउंडेशन ग्रुप को सुपुर्द किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुस्लिम कॉलोनी, 15 बंगला, कंडारी, दीपनगर सहित आसपास के इलाकों के नागरिकों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। अब तक इन क्षेत्रों में जनाजे को कब्रिस्तान तक पहुंचाने के लिए खुले ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ता था, जिससे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
नए जनाजा वाहन के चारों ओर से पूरी तरह बंद (पैक) होने के कारण अब जनाजे को सम्मानपूर्वक और सुरक्षित तरीके से कब्रिस्तान तक ले जाया जा सकेगा। खास बात यह है कि यह सेवा समाज के लिए पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सहायता मिलेगी।
इलियास शेख सर ने बताया कि यह पहल समाजसेवा के उद्देश्य से की गई है। वाहन की आवश्यकता होने पर लोग बीके टाइम्स न्यूज़ के संपादक सद्दाम खाटीक और मोहसीन काजी से संपर्क कर सकते हैं।
इलियास शेख सर के इस सेवाभावी कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे अनेक परिवारों को कठिन समय में सहारा मिलेगा।

