मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

नगर कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा द्वारा शहर के तीनशेर चौक पर शिक्षा संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पुराने शासकीय विद्यालयों के ऐतिहासिक भवनों को पुनः प्रारंभ करने, लाल बहादुर शास्त्री माध्यमिक शाला को सुचारू रूप से चालू करने और गरीब विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। साथ ही नांदनवाड़ी, तिगांव, सिवनी, बड़चिचोली और बनगांव जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए ‘सांदीपनि विद्यालय’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।
कांग्रेस नेताओं ने आदिवासी बहुल क्षेत्रों की छात्राओं के लिए पांढुर्णा मुख्यालय पर बालिका छात्रावास खोलने, जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने और आदिवासी क्षेत्र में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) खोलने की भी मांग की।
इस संबंध में कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (पुराना भवन) और लाल बहादुर शास्त्री माध्यमिक शाला के रिक्त भवनों को शीघ्र प्रारंभ कर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर के इस आश्वासन पर आभार व्यक्त किया है।
धरना प्रदर्शन के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत घोड़े, नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल, जिला कांग्रेस सचिव सिराज भाई, विलास डाबरे, नेहिल सांबारे, डॉ. नितिन देवड़ा, उज्जवल देशमुख, मुकेश बारमासे, बिट्टू धर्माधिकारी, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

