मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
जिले में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और असमय वर्षा से किसानों को हुए व्यापक नुकसान के बाद बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें किसानों पर आई विपत्ति की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।
प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर खेतों में हुए नुकसान का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने और किसानों से संवाद करने के बाद श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री को बताया कि केले, गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन एवं सब्जी फसलों सहित अन्य फसलें इस प्राकृतिक आपदा में बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर तो पूरी फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष मांग रखी कि नुकसान का आकलन पारदर्शी, वैज्ञानिक और वास्तविकता के आधार पर किया जाए तथा क्षतिपूर्ति प्रतिशत के आधार पर तय की जाए, ताकि प्रत्येक प्रभावित किसान को न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सर्वे कार्य को गति देने के लिए बहु-स्तरीय दल गठित किए जाएं और आरबीसी 4 के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर शीघ्र मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह संकट केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका और भविष्य पर सीधा प्रभाव डालने वाला है। ऐसे समय में संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी निर्णय लेंगे और प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वे निरंतर शासन-प्रशासन के संपर्क में रहकर यह सुनिश्चित करेंगी कि इस प्राकृतिक आपदा में पीड़ित कोई भी किसान राहत से वंचित न रहे।

