भिण्ड जिले को मिली विकास की सौगात, प्रभारी मंत्री ने 5.62 करोड़ के कार्यों का किया शुभारंभ | New India Times

आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को भिण्ड जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगभग 5 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिलेवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी।

मंत्री श्री पटेल ने भिण्ड जिले की जनपद पंचायत मेहगांव में लगभग 5.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले “अटल सुशासन भवन (जनपद पंचायत भवन) मेहगांव” का भूमिपूजन किया। साथ ही जनपद पंचायत भिण्ड की ग्राम पंचायत दबोहा में लगभग 37.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल ग्राम सेवा सदन (ग्राम पंचायत भवन) दबोहा का लोकार्पण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न किया। इन भवनों से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर उन्नत एवं सुव्यवस्थित त्रिस्तरीय पंचायत भवनों की स्थापना की जा रही है। प्रदेशभर में कई अटल सुशासन भवन एवं अटल ग्राम सेवा सदन के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन भवनों के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में दक्षता आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि अटल सुशासन जनपद भवन एवं ग्राम सेवा सदन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। इन भवनों में प्रशासनिक अधिकारियों, मैदानी अमले और जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था के साथ उन्नत मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे कार्यों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। आने वाले 2-3 वर्षों में पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा, प्रत्येक गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा तथा हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही वर्ष 2028 तक जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा मेहगांव विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी गई है। इसमें 19 पंचायत भवनों का निर्माण, 26 सामुदायिक भवन एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 55 सड़कों को स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सरकार द्वारा “वृंदावन गांव” बनाने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की गई है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

सांसद श्रीमती संध्या राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में विकसित किए जा रहे अटल सुशासन भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। मेहगांव में बनने वाला यह जनपद भवन नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा।

विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। जिन पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं, वहां अटल ग्राम सेवा सदन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने दबोहा पंचायत को नया पंचायत भवन मिलने पर प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर भिण्ड, पुलिस अधीक्षक भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article