मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पद्मभूषण पंडित माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती के अवसर पर यूनाइटेड प्रेस ऑर्गनाइजेशन एवं राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा भारत द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के पत्रकारों को पुष्पमाला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा के प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी मुल्ला तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने माखनलाल चतुर्वेदी के जीवन और उनकी पत्रकारिता के योगदान को याद करते हुए पत्रकारों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन युवा पत्रकार एवं जिला अध्यक्ष बनवारी मेटकर ने किया। वरिष्ठ पत्रकार रिज़वान अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके संगठन द्वारा पिछले 15 वर्षों से लगातार माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती मनाई जा रही है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा तथा पत्रकारों के हित में कार्य किए जाते रहेंगे।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार मुकेश पूर्वे को जिला भाजपा, बुरहानपुर में मीडिया प्रभारी तथा तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला को जिला कांग्रेस, बुरहानपुर में जिला मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर पत्रकार संगठनों की ओर से शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मुकेश पूर्वे, अशोक सोनी, बंटी नागोरी, अकील आजाद, नौशाद नूर, मनोज अग्रवाल, सत्तार शेख, रज़ा खान, राजेश मावले सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 50 से अधिक पत्रकारों का सम्मान किया गया।
इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि बुरहानपुर जिले की अग्रणी महिला समाजसेविका एवं कांग्रेस नेत्री श्रीमती प्रीति सिंह राठौड़ को अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय महासचिव एवं महाराष्ट्र प्रभारी बनाए जाने पर यूनाइटेड प्रेस ऑर्गनाइजेशन एवं राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा भारत द्वारा शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

