आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

भिंड जिले में करीब एक माह पहले जंगल में प्लास्टिक की बोरी में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सुरपुरा क्षेत्र के जंगल में मिला यह शव हत्या का मामला निकला, जिसमें पुलिस ने 5 आरोपियों को नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर जंगल में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। घटना के बाद आरोपी भेष बदलकर अलग-अलग स्थानों पर छिपे हुए थे।
पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। इस सनसनीखेज मामले के खुलासे में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों द्वारा आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए मजबूत सबूत न्यायालय में पेश किए जाएंगे।
