मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:
नगर में बढ़ती अवैध गतिविधियों, अवैध कारोबार और गौ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत घोड़े के नेतृत्व में तथा युवक कांग्रेस के साथ मिलकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि पांढुर्णा रेलवे क्रॉसिंग के आगे नागपुर रोड, भोपाल रोड और वरूड रोड क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, शराब, सट्टा और गौ तस्करी जैसी गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं। यह गतिविधियां जनहित के लिए गंभीर खतरा हैं, जिनका सीधा असर युवा पीढ़ी और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। समय रहते इन पर रोक नहीं लगी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गौ तस्करी की घटनाओं से शहर की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द और शहर की फिज़ा खराब हो रही है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी, अनुविभागीय अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए युवक कांग्रेस और नगर कांग्रेस सहित अन्य संगठनों ने जनहित में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े के साथ देवकांत मांडवगडे, उज्ज्वल देशमुख, बंटी ठाकुर, निहिल सांबारे, आवेस सौदागर सहित युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की अपील की।

