विप्र नारी शक्ति संस्था बुरहानपुर के तत्वाधान में भव्य हल्दी-कुमकुम एवं तिलगुड़ कार्यक्रम संपन्न | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

विप्र समाज की नारी शक्ति, संस्कार, सेवा और नेतृत्व का सुंदर संगम देखने को मिला जब विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था बुरहानपुर द्वारा पारंपरिक हल्दी-कुमकुम एवं तिलगुड़ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव था, बल्कि विप्र समाज की महिलाओं की एकता, आत्मबल और सामाजिक चेतना का सशक्त प्रतीक भी बना।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती गौरी दिनेश शर्मा ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विप्र समाज की महिलाएं केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली संस्कारवान, शिक्षित और सेवा-भाव से परिपूर्ण शक्ति हैं।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में एसडीएम श्रीमति पल्लवी पुराणिक, शाहपुर नगर पालिका अध्यक्ष साधना तिवारी,अर्वाचीन इंडिया स्कूल की संस्थापिका राखी मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी पायल अवस्थी, जिला अध्यक्ष आशा तिवारी, संरक्षक अतुला एडवोकेट अरुण शेंडेजी, करुणा भट्ट एवं बाल न्यायालय की सदस्य श्रीमती मेघा अनिल भिड़े उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने अपने सारगर्भित वक्तव्यों में विप्र समाज की महिलाओं को संस्कार, सेवा, संगठन और सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश दिया।

कार्यक्रम की विशेष एवं गौरवपूर्ण बात यह रही कि मंचासीन सभी अतिथि विप्र नारी थीं, जो इस बात का जीवंत प्रमाण है कि विप्र समाज की महिलाएं आज शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक सेवा और नेतृत्व के हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।

हल्दी-कुमकुम एवं तिलगुड़ का वितरण अनामिका बरौले एवं राधा दीक्षित द्वारा आत्मीय भाव से किया गया। वहीं रेखा शर्मा एवं ज्योति जोशी ने अतिथियों एवं सहभागियों को स्नेह-स्मृति स्वरूप उपहार भेंट किए।

कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामयी संचालन वरदा परचुरे एवं वीणा सांगलीकार ने किया। मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक खेलों का संचालन स्नेहा जोशी एवं प्रियंका शर्मा द्वारा किया गया, जिनका आनंद एसडीएम पल्लवी पुराणिक सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक लिया। विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, हर वर्ष विप्र नारी शक्ति संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में निरंतर रक्तदान करने वाली सेवा-भावी महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो नारी की करुणा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ उदाहरण है।

समूचा कार्यक्रम सौहार्द, उल्लास, संस्कार और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा विप्र समाज की महिलाओं की एकजुटता और शक्ति को नई ऊर्जा प्रदान कर गया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article