उमरखेड़ में कुरआन हिफ़्ज़ की मिसाल, हाफिज शेख रेहान ने रचा इतिहास | New India Times

ताहिर मिर्ज़ा, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:


उमरखेड़ स्थित दारुल उलूम हज़रत साद बिन अबी वक़्क़ास मदरसा के छात्र हाफिज शेख रेहान शेख कलीम ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे इलाके में खुशी और गर्व की लहर दौड़ा दी है। उन्होंने महज़ 10 घंटे 5 मिनट में, एक ही बार में पूरी पवित्र कुरआन शरीफ पढ़कर सुनाई।

सुबह 7 बजे से शुरू हुआ यह ऐतिहासिक कुरान पाठ शाम 5 बजकर 55 मिनट पर संपन्न हुआ। लगातार इतने लंबे समय तक बिना रुके पूरे कुरआन का पाठ करना न सिर्फ उनकी मजबूत याददाश्त का प्रमाण है, बल्कि उनकी मेहनत, लगन और अल्लाह से गहरे लगाव को भी दर्शाता है।

इस अद्भुत उपलब्धि के पीछे मदरसे के हेड और कन्वीनर हज़रत मौलाना मुफ्ती इनामुल्लाह खान की मार्गदर्शन और सभी शिक्षकों की सतत मेहनत व हौसला अफजाई का बड़ा योगदान रहा। मदरसे के उस्तादों ने बताया कि शेख रेहान शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और कुरान से गहरी मोहब्बत रखने वाले छात्र रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उलमा, मदरसे के छात्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक लम्हे को अपनी आंखों से देखा और शेख रेहान की इस कामयाबी पर दुआएं और मुबारकबाद पेश की।

शेख रेहान की यह उपलब्धि न सिर्फ उमरखेड़ बल्कि पूरे इलाके के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा भी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article