निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा ब्लॉक क्षेत्र में पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को आवाज बुलंद की। पंचायत सहायक विकास अधिकारी कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और मोबाइल फोन एवं सुरक्षा किट उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आशुतोष मिश्र को ज्ञापन सौंपा।

पंचायत सहायकों ने बताया कि वर्तमान में सभी सहायकों की ड्यूटी क्रॉप सर्वे में लगाई गई है, लेकिन उनके पास न तो गुणवत्तापरक मोबाइल फोन उपलब्ध हैं और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा किट। ऐसे में फील्ड में जाकर सर्वे कार्य करना काफी कठिन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों को मात्र छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जिससे स्वयं का स्मार्ट मोबाइल खरीद पाना संभव नहीं है। इसी कारण शासन से मोबाइल फोन और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पंचायत सहायक अध्यक्ष रामजीत, उपाध्यक्ष मंत्राशा, जीवन सिंह सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे।

