इरशाद आलम, परासिया/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एसआईआर कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, विधानसभा छिंदवाड़ा के रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर प्रो. डॉ. पी.एन. सनेसर उपस्थित रहे।
अन्य चारों विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायण ने 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस जारी करने और उनकी सुनवाई के संबंध में ईआरओ/एईआरओ को विस्तृत निर्देश दिए।
उन्होंने सुनवाई के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल आदि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री नारायण ने कहा कि जब बीएलओ मतदाता को नोटिस देने जाए, तो उसे यह अवश्य बताए कि सुनवाई के लिए कौन-कौन से दस्तावेज़ साथ लाने हैं और सुनवाई स्थल कहाँ निर्धारित है।
दावे-आपत्तियों के संबंध में आयोग द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी भी दी गई। इसके तहत बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन (दावे/आपत्तियाँ) संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
वर्तमान में जिले में बीएलए द्वारा प्राप्त आवेदनों की संख्या शून्य है, जिस पर सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विधानसभा स्तर पर बीएलए को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
जिले में अब तक प्रारूप-6 (नाम जुड़वाने) के 7,288 तथा प्रारूप-8 (संशोधन) के 4,484 आवेदन प्राप्त हुए हैं। दावा-आपत्ति के फार्म 6, 7 और 8 22 जनवरी 2026 तक ही स्वीकार किए जाएंगे।

