मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में एक अनोखा मामला सामने आया है। खरगोन, रीवा और खंडवा लोकसभा क्षेत्रों में विजेता खिलाड़ियों को पहले से घोषित इनाम राशि न देकर केवल ट्रॉफी थमाकर रवाना कर दिया गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता निखिल खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि
“सांसद खेल महोत्सव में विजेता खिलाड़ियों की भावनाओं से भाजपा सांसदों ने खेल किया।”
उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव शुरू होने से पहले ही विजेताओं के लिए इनाम राशि तय बताई गई थी। खिलाड़ियों ने दिन-रात अभ्यास कर तैयारी की, लेकिन कार्यक्रम के समय उन्हें सिर्फ ट्रॉफी देकर फोटो खिंचवाए गए।
खंडेलवाल के अनुसार,
“यह साबित करता है कि सांसदों को खेल और खिलाड़ियों से ज्यादा, अपने प्रचार-प्रसार और राजनीति चमकाने की चिंता रही।”
उन्होंने कहा कि खंडवा में तो विजेता खिलाड़ियों ने नाराज़ होकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के सामने ट्रॉफी रखकर कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि
“सांसद जी बदहाल सड़कों, भ्रष्टाचार और खनन माफिया पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय खेल महोत्सव के नाम पर राजनीति कर रहे हैं — और वहीं भी खिलाड़ियों की भावनाओं से खिलवाड़ हो गया।”

