इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
गुरु श्री गोबिन्द सिंह जी महाराज के चार साहिबजादों का बलिदान राष्ट्र, धर्म और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान है। उनके अदम्य साहस और वीरता की यह अमर गाथा युगों-युगों तक राष्ट्रभक्ति, धर्मनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठ जीवन हेतु सभी का मार्गदर्शन करती रहेगी।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने वीर बाल दिवस के अवसर पर गुना स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में कही।
हितानंद शर्मा ने कहा कि साहिबजादों का अद्वितीय साहस, अटूट आस्था और अन्याय के विरुद्ध अडिग संकल्प मानव इतिहास में वीरता और त्याग का अमर प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को धर्म, सत्य और राष्ट्ररक्षा के मार्ग पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।
वीर बाल दिवस का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को यह संदेश देना है कि उम्र छोटी होने पर भी विचार और साहस महान हो सकते हैं। यह दिन हमें सच्चाई, धर्म, देशभक्ति और आत्मसम्मान के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। वीर बाल दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और वीरता की भावना जाग्रत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
पूर्व सरकारों के समय में बाल दिवस पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता था। लेकिन हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, गुरुगोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के बलिदान को जीवंत बनाए रखने के लिए वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
साहिबजादों ने सनातन धर्म, भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए विदेशी आक्रांताओं के सामने अपने प्राणों का बलिदान देकर स्वाभिमान की रक्षा की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, जिला महामंत्री संतोष धाकड़, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा, हरिसिंह यादव, राधेश्याम पारीख, अरुण चतुर्वेदी, सुशील दहिफले, अर्जुन राजपूत, परेश भार्गव, मोहित नामदेव, ओमप्रकाश राठौर, दिलीप सेन, दिनेश शर्मा, बृजेश राठौर आदि उपस्थित रहे।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा को कृपाण एवं आशीर्वाद स्वरूप शॉल और सरोपा भेंट किया गया। कमेटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, हरवीर सिंह सूद, सतबीर सिंह, विजय सिंह सोढ़ी, इंद्रजीत सिंह होड़ा आदि भी उपस्थित रहे।

