इदरीस मंसूरी, गुना (मप्र), NIT:
नगर में बढ़ती आवारागर्दी को लेकर कोचिंग जाने वाली छात्राओं ने थाना प्रभारी पंकज त्यागी को एक ज्ञापन सौंपा। छात्राओं ने बताया कि स्कूल और कोचिंग आते-जाते समय कुछ मनचले अश्लील टिप्पणियां करते हैं, बाइक से जानबूझकर कट मारते हैं, टकराने की कोशिश करते हैं और गली-नुक्कड़ों पर रास्ता रोककर परेशान करते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए तुरंत स्टाफ को निर्देश दिया कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें सबक सिखाया जाए। साथ ही, निगरानी के लिए दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि किसी भी घटना को छुपाएं नहीं—पहले परिजनों और फिर सीधे मुझसे संपर्क करें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया और आश्वस्त किया कि पुलिस हमेशा उनकी मदद के लिए तैयार है। साथ ही हिदायत दी कि डरें नहीं, हिम्मत दिखाएं, मोबाइल पर समय बर्बाद न करें और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखें।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने छात्राओं को पूरे थाने का निरीक्षण कराया तथा हवालात, शस्त्रागार, कंप्यूटर सेक्शन और रिपोर्ट लिखने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ये सभी व्यवस्थाएँ उन्हीं असामाजिक तत्वों के लिए हैं जो अपनी हरकतों से समाज में गंदगी फैलाते हैं।

