मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
महिला सुरक्षा शाखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में “मुस्कान विशेष अभियान” का शुभारंभ 1 नवम्बर 2025 से 30 नवम्बर 2025 तक किया गया है। इसी क्रम में बुरहानपुर जिले में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल तथा डीएसपी (महिला सुरक्षा शाखा) श्री प्रीतम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में ‘मुस्कान विशेष अभियान’ के अंतर्गत थाना कोतवाली एवं थाना गणपति नाका क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
(1) इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली श्री सीताराम सोलंकी एवं उनकी टीम द्वारा शासकीय कन्या शाला, शनि मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
(2) वहीं थाना प्रभारी गणपति नाका श्री सुरेश महाले एवं उनकी टीम द्वारा निमाड़ वैली स्कूल में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अध्ययनरत बालक-बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों, “गुड टच–बैड टच”, बाल अधिकार, सुरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव एवं मदद के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
विद्यालयों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ कार्यक्रम में उपस्थित रहे। बुरहानपुर पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिससे बच्चों में जागरूकता बढ़ाई जा सके और उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके।

