मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
महाराष्ट्र में उर्दू साहित्य अकादमी के चेयरमैन के पद पर किसी योग्य व्यक्ति की नियुक्ति को लेकर राज्य के राजनीतिक, सामाजिक और साहित्यिक क्षेत्रों में कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं। ख़ास तौर पर मुंबई में आयोजित होने वाले हर कार्यक्रम और मंच पर महाराष्ट्र उर्दू साहित्य अकादमी के गठन की माँग लगातार उठाई जा रही थी।
मुंबई की मशहूर और मारूफ अदबी (साहित्यिक) संस्था उर्दू गगन संस्था के अध्यक्ष जनाब मुशीर अहमद अंसारी ने इस प्रतिनिधि को बताया कि महाराष्ट्रवासियों के लिए यह खुशी की बात है कि महाराष्ट्र सरकार ने बीड़ शहर के प्रसिद्ध सामाजिक, साहित्यिक और राजनीतिक शख्सियत आली जनाब हुसैन अख़्तर साहब को महाराष्ट्र उर्दू साहित्य अकादमी का चेयरमैन नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति का गज़ट नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। उर्दू गगन संस्था के सचिव जनाब बशीर अहमद अंसारी ने बातचीत में कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि हुसैन अख़्तर साहब की यह नियुक्ति महाराष्ट्र उर्दू साहित्य अकादमी के निष्क्रिय पड़े दफ़्तर को पुनः सक्रिय और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जनाब मुशीर अहमद अंसारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हुसैन अख़्तर साहब के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह संस्था उर्दू भाषा और साहित्य के विकास की नई ऊँचाइयाँ तय करेगी।
मुंबई की प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था उर्दू गगन संस्था, उससे सम्बद्ध उर्दू गगन चैनल और मासिक पत्रिका उर्दू आंगन की पूरी टीम की ओर से जनाब हुसैन अख़्तर साहब की नियुक्ति का तहेदिल से स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई प्रेषित की गई है।

