जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से “प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना”, दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन तथा “नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग” जैसी योजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। मंत्री श्री कंषाना ने यह बात कृषि उपज मंडी करोंद के प्रांगण में आयोजित प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम के दौरान कही। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर किसानों को 42 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कृषि परियोजनाओं का उपहार दिया।

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना भारत सरकार की एक नई पहल है, जो किसानों को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर कृषि उत्पादकता और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देगी। इस योजना के अंतर्गत 100 आकांक्षी जिलों को सम्मिलित किया गया है, जहाँ किसानों को वित्तीय सहायता, तकनीकी प्रशिक्षण और बाजार तक पहुंच प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बने। वर्तमान में देश में दाल उत्पादन 24.2 मिलियन टन है, जिसे आगामी पाँच वर्षों में 35 मिलियन टन तक बढ़ाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है।

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में इस मिशन को लागू कर आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अरहर, उड़द और मसूर जैसी फसलों को प्राथमिकता के आधार पर बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार इन फसलों को शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग) लागू किया गया है। इस मिशन का उद्देश्य सभी के लिए सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर खेती की लागत को कम करना है। इस मिशन के तहत प्रदेश में 1513 क्लस्टर में 75 हजार हेक्टेयर भूमि शामिल की गई है, जिससे 1,89,125 किसान लाभान्वित हो रहे हैं। प्रत्येक किसान को प्रति एकड़ 4 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2025 में सोयाबीन की खरीदी हेतु भावांतर भुगतान योजना लागू की गई है। मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। डबल इंजन की सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालती राय, कृषि सभापति श्री अशोक मीणा सम्राट, अध्यक्ष अनाज मंडी समिति श्री हरीश ज्ञानचंदानी, सचिव कृषि श्री निशांत वरवड़े, संचालक श्री अजय गुप्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।

