वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

हेपेटाइटिस बी और सी से ग्रसित मरीजों के लिए अब राहत की खबर है। जिला अस्पताल संबद्ध समिति राज्य चिकित्सा महाविद्यालय लखीमपुर खीरी (मेडिकल कॉलेज) में अब वायरल लोड जांच की सुविधा शुरू हो गई है। इससे मरीजों को अब सैंपल जांच के लिए लखनऊ नहीं भेजना पड़ेगा और न ही रिपोर्ट का लंबा इंतजार करना होगा। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि पहले यहां केवल एलाइजा जांच की जाती थी। इसमें पॉजिटिव पाए गए मरीजों के सैंपल वायरल लोड जांच हेतु केजीएमयू लखनऊ भेजे जाते थे, जिसकी रिपोर्ट आने में करीब एक माह का समय लगता था। अब यह जांच जिला अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में ही उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस बी व सी के मरीजों को इलाज के दौरान और उपचार पूरा होने के बाद भी वायरल लोड जांच की आवश्यकता होती है। हाल ही में माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने कुछ सैंपलों का परीक्षण कर उनकी पुष्टि के लिए रिपोर्ट लखनऊ भेजी थी, जिसे केजीएमयू ने सही बताया। इसके बाद यहां जांच को नियमित रूप से शुरू कर दिया गया है। विभाग ने जांच हेतु मंगलवार और शनिवार का दिन निर्धारित किया है। इस व्यवस्था से जिले के मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल सकेगी और उनके इलाज की प्रक्रिया और अधिक सुगम हो जाएगी।

