वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

विश्व रक्तचाप दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में एक माह तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग एवं उसकी महत्ता के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके अंतर्गत एएनएम ट्रेनिंग सेन्टर में युवा स्वास्थ्य कार्यकर्तियों का संवेदीकरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप शरीर के अंगों को प्रभावित करता है, इसको नियंत्रित करने हेतु समय समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर निःशुल्क जांच एवं चिकित्सीय परामर्श के अनुसार निःशुल्क औषधि प्राप्त कर समयानुसार औषधि लेते रहें और अपने रक्तचाप को नियंत्रित रखें।

जिला चिकित्सालय के डॉ शिशिर पांडे फिजिशियन द्वारा हाइपर टेंशन की जांच के सही तरीके को डेमो करके युवा स्वास्थ्य कार्यकर्तियों का उन्मुखीकरण किया गया। डॉ अखिलेश शुक्ला मनोचिकित्सक द्वारा तम्बाकू निषेध के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी तथा तम्बाकू के दुष्प्रभाव से धमनियों के संकुचन से होने वाले हाइपरटेंशन के बारे में युवा कार्यकर्तियों का उन्मुखीकरण किया गया। डॉ राकेश कुमार गुप्ता (इपिडिमियोलॉजिस्ट) एनसीडी सेल द्वारा जीवन शैली में नित योग, व्यायाम एवं संतुलित आहार को अपनाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु उन्मुखीकरण किया गया। विजय वर्मा(एफएलसी) एनसीडी सेल के द्वारा कोटपा अधिनियम के बारे में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान के प्रयोग से होने वाली हानियों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम का समापन नोडल अधिकारी एनसीडी सेल डॉ रवि मोहन गुप्ता द्वारा सभी कार्यकर्तियों को उन्मुखीकरण के दौरान बताई गयी बातों को जनमानस तक पहुंचाकर कार्यक्रम के उद्देश्य को सफल बनाने पर जोर दिया तथा जनपद को भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में समस्त गतिविधियों का आयोजन कर जिले को सर्वोच्च स्थान प्रदान करवाने पर बल दिया तथा उक्त के क्रम में दिनांक 31 मई 2025 को सामान्य जन समुदाय को टॉक- शो के माध्यम से विषेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दूरभाष संख्या 9120984643 पर प्रातः 11 बजे से 1 बजे के मध्य उनकी समस्याओ के निराकरण के आयोजन की जानकारी भी दी गयी। जिसमें हाइपरटेंशन एवं तंबाकू उन्मूलन हेतु विशेष बल दिया जाएगा।

