फराज अंसारी, बहराइच (यूपी), NIT;
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में हत्या का बदला लेने के लिए एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गयी। पुरानी रंजिश में अंजाम दी गयी इस वारदात ने इलाके सनसनी फैला दी है। हत्यारों ने पहले तो मृतक को धारदार हथियार से काट फिर ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारी और फिर तब तक पीटते रहे जब तक उसके प्राण पखेरू नहीं उड़ गए। घटना को अंजाम देकर हत्यारे बड़ी आसानी से फरार हो गए। घटना की सुचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर 4 नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक रखौना बालापुर में रहने वाले छविलाल धनुही बाजार से साइकिल से वापस अपने घर जा रहा था कि रास्ते में नथुनिया मोड़ के पास कुछ लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से छविलाल पर धारदार हथियार से वार करने के पश्चात तीन गोली मारी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा छविलाल लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया साथ ही मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक अपराधी प्रवृत्ति का था और तीन साल पहले गांव के ही तिलकु की हत्या में नामजद आरोपी था। मृतक के भाई के मुताबिक तीन साल पहले हुई हत्या का बदला लेने के लिए ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।
