जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

राष्ट्रीय महिला आयोग प्रत्येक महिला के सशक्तिकरण एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनके विषयों को जमीनी स्तर संबोधित करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए, आयोग “राष्ट्रीय महिला आयोग- आपके द्वार” नामक एक जन सुनवाई का आयोजन कर रहा है। इस जन सुनवाई का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित लंबित मामलों का समाधान करना तथा यथासंभव सभी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करना है।
जन सुनवाई 12 दिसम्बर, 2024 को दोपहर 01:00 बजे से भोपाल के जिला पंचायत हाल, ब्लॉक 03, पुराना सचिवालय, सुल्तानिया रोड पर आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर उपस्थित रहेंगी। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित जन सुनवाई में जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारिगण भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिससे महिलाओं से संबंधित मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
राष्ट्रीय महिला आयोग भोपाल और आसपास के सभी शहरों की महिलाओं से यह आग्रह करता है कि यदि वे किसी भी प्रकार की समस्या से पीड़ित हैं तो इस जन सुनवाई में भाग लेकर अपनी समस्या आयोग तक पहुचाएँ। आयोग आपकी प्रत्येक समस्या के समाधान को खोजने के लिए प्रयासरत रहेगा। सुनवाई मे भाग लेने से संबन्धित किसी भी जानकारी के लिए साहिल कुमार मोबाइल नम्बर- 9891225547 से संपर्क किया जा सकता है।

