संदीप शुक्ला, भिंड ( मध्यप्रदेश ), NIT;
भिण्ड पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह ने थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश देते हुए पूरे जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी के लिए बुलाई गई बैठक में कहा कि अपराधियों व असमाजिक तत्वों को बख्शा नही जाए। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गुण्डों पर प्रभावी अंकुश बनाए रखें। थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग गश्त करें। बिना नम्बर प्लैट के दो पहिया व चार पहिया वाहनों के खिलाफ कडी कारवाई की जाए। बिना नम्बर के पाए गए वाहनों के विरूद्ध तत्काल चालानी कार्रवाई करें। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए यह भी कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने थानों के अंदर पेंडिंग पड़े अपराधों के सम्मनस्, स्थाई वारंटों का समय सीमा में तत्काल निराकरण करें। पेंडिंग अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी सभी थाना प्रभारी सुनिश्चित करें। लूट के प्रकरणों में सभी थाना क्षेत्र के अंतर्गत होने वाली घटनाओं के बारे में निगाह रखें। लूट के प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र करें। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी व पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचें।
पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह ने कड़े शब्दों में सभी थाना प्रभारियों को यह भी अवगत करा दिया है कि किसी भी थाना प्रभारी के थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टे की शिकायत अगर मिलती है तो थाना प्रभारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी तत्काल करें व प्रकरण में नाम दर्ज वाहनों की बरामदगी करें। मर्ग के प्रकरणों में भी तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। जनता के शिकायती आवेदन पत्रों पर सभी थाना प्रभारी पहले जांच करें। जांच में अगर घटना की पुष्टी होती है तो अपराध दर्ज करें। थानों में फरियादी के साथ सभी पुलिस कर्मचारी अच्छा व्यवहार करें। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह ने सभी थानाप्रभारियों को कड़े निर्देश देते हुए यह भी कहा है कि थाना प्रभारी अपने-अपने थानों का रिकार्ड व्यवस्थित कर साफ-सुथरा रखें व थाना भवन की बिल्डिंग की साफ-सफाई कर रख-रखाव दुरूस्त करें। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से यह भी कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी थाना प्रभारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में फरारी, इनामी, बदमाशों की तत्काल धरपकड़ करें व विश्वसनीय मुखबिरों की सूचना पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें।आव्यशकता पड़ने पर सभी थाना प्रभारी जिले में कार्यरत नगर ग्राम रक्षा समितियों का सहयोग लें। जेल से रिहा होने वाले बदमाशों के ऊपर भी पैनी नजर रखी जाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश देते हुए यह भी कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अस्पताल भेजा जाए और पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से प्राप्त होने वाले जनता के शिकायती आवेदन पत्रों का निराकरण समय-सीमा में किया जाए।
