मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 तथा ददरौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समस्त नोडल एवं सहायक नोडल ऑफीसर्स के साथ निर्वाचन की तैयारियों के संबध में आवंटित कार्य के सापेक्ष की गई प्रगति के संबंध में बैठक आयोजित की गयी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त कार्यों को निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप ही संपादित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि टीमों द्वारा अवैध गतिविधियों वाले वाहनों को गहनता से चेक किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेडिसिन किट समय से उपलब्ध कराए। मतदय स्थलों पर शुद्ध पेयजल, छाया, बिजली आदि व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाए।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बुलावा टोली को सक्रिय किया जाए। उन्होंने समस्त एआरओ को निर्देश दिए की मतदाता सूची छपने के बाद टेबल टॉप एक्सरसाइज अवश्य कर ले। सभी अधिकारी अलर्ट मोड में गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता/शिथिलता को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करेंगे।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 अपराजिता सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वि0, रा0 सुरेश कुमार, नगर आयुक्त डॉ0 विपिन कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित समस्त नोडल, सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
