मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठ मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर-घर जाकर डाक मतपत्र के माध्यम से विधानसभा चुनाव 2023 के निर्वाचन हेतु सुगम मतदान कराया गया। मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं के लिए हर्ष व्यक्त किया है एवं कह रहे हैं कि, यह एक अच्छी पहल है, जिसके द्वारा दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदातागण सुगम, सरल, सहज, स्वतंत्र, निर्विघ्न रूप से अपने निवास से ही मतदान कर पा रहे हैं।
लेख है कि जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार आज डाक मतपत्र से मतदान कराने हेतु विधानसभा नेपानगर एवं बुरहानपुर के लिए बनाये गये 65 दलों को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय बुरहानपुर से रवानगी दी गई। शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय बुरहानपुर से संयुक्त दलों को सामग्री वितरण कर मतदान कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सावधानियाँ बरतने हेतु निर्देशित भी किया गया। मतदान सामग्री वितरण अवसर पर सामान्य प्रेक्षक श्री भूपिन्दर सिंह, सामान्य प्रेक्षक श्री विनोद परशु राम कावले मौजूद रहे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बुरहानपुर सुश्री भव्या मित्तल ने मतदान सामग्री वितरण व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा मतदान दलों को समावेशी, सुगम, विश्वसनीय एवं नैतिक मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिये। संयुक्त दल में सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी-1, माईक्रो आर्ब्जवर आदि शामिल रहे।
