मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र की विपरित राजनैतिक परिस्थितियों में भाजपा के लिए राष्ट्रहित में कार्य करने वाली नैत्री जिसने 2008 से बुरहानपुर को भाजपा मय बनाने में लगातार संघर्ष किया और 2018 में पराजय उपरांत भी विगत पांच वर्षों से जनसेवा में सतत् रहकर अब भी आपके बीच सेवा हेतु तत्पर है। उनकी यह अकल्पनीय और साहसिक यात्रा किसी महापुरूष से कम नहीं। हमने मां अहिल्या, रानी दुर्गावती और झांसी की रानी का नाम तो सुना किन्तु उनको देखा नहीं। आज पिछले 20 वर्षों से बुरहानपुर की परिस्थितियों में सतत संघर्ष करते हुए अर्चना चिटनिस को देखते हैं, तो इनका संघर्ष भी उनसे कोई कम नहीं लगता। ऐसी सक्रिय और कर्मठ महिला नैत्री जो अपने क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री तक से जनहित का कार्य कराने में पीछे नहीं हटती। उनको विजयी बनाने का संकल्प दिलाने आपके बीच उपस्थित हुआ हूं।

यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस के पक्ष में आयोजित भाजपा विजय संकल्प रैली और आमसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने चुनावी सभा में भाजपा के दिवंगत नेताओं में दिवंगत सांसद परमानंद गोविंद जी वाला, पूर्व विधानसभा स्पीकर बृजमोहन मिश्रा, स्वर्गीय श्री हाथी वाला, स्वर्गीय श्री कमल सिंह वर्मा, स्वर्गीय श्री पूनमचंद उस्ताद सहित अनेक नेताओं का स्मरण करते हुए कहा कि बरसों से बुरहानपुर की सरज़मीन पर आ रहा हूं। अर्चना जी से इंदौर विश्व विद्यालय चुनाव दौरान जब भेंट हुई और एक कशमकश चुनाव में उनसे अपनी पैनल के लिए वोट मांगा तो अर्चना जी का जवाब था मैं उसको वोट दूंगी जो मेरे पापा की विचारधारा और उनकी पार्टी का पोषक स्टूडेंट लीडर होगा। ऐसे संस्कारवान नैत्री के पक्ष में आज आपसे वोट मांगने आकर मैं अपने आपको गौरवांवित महसूस कर रहा हूं।

भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कविता को दोहराते हुए कहा कि सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा ” को अपने बुरहानपुर से जोड़ते हुए कहा कि मैं बुरहानपुर को नहीं झुकने दूंगी। उन्होंने कहा कि मेरी धरती उनसे पूछ रही, कब मेरा क़र्ज़ चुकाओगे, मेरा अम्बर तुझ से पूछ रहा, कब अपना फ़र्ज़ निभाओगे। मेरा वचन है भारत माँ को, तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि यह विधानसभा का चुनाव नहीं बुरहानपुर का भविष्य बनाने का चुनाव है। विश्व के सबसे बड़े नेता मोदी जी को पुनः तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए क़दम आगे बढ़ाने का चुनाव है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि आज हम सबने विजय की संकल्प यात्रा निकाली है। अभी विजय-जीत की रैली निकलना बाकी है। यह विजय का संकल्प हज़ारों कार्यकर्ताओं तथा बुरहानपुर के जन-जन का संकल्प है। यह विजय का संकल्प भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा है तथा यह विजय का संकल्प भारत माता को कभी नीचे नहीं देखने देेगा और हमेशा बुरहानपुर का सिर सदैव उंचा रखेंगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों से बुरहानपुर तड़प रहा था। तिल-तिल करके जी रहा था कि कब 17 नवंबर 2023 आएंगी और चुनाव हो। 2008 से 2018 तक जिस गति से हम काम कर रहे थे, वह पूरी तरह रूक गए है। जो विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण हुआ वह भी हमारे समय के स्वीकृत कार्य ही रहे है। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा भाजपा हमारी मां है और मां से कोई संस्कारवान कभी हिसाब नहीं मांगता। हम जनता से जो वोट मांगेंगे, उसमें स्वयं से आगे दल और दल के आगे देश ही हमारी प्राथमिकता है। भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता वो है, जो न रूकता है, न झुकता है, न थकता है और न ही बिकता है।
भाजपा विजय संकल्प रैली में उमड़ा जनसैलाब
आमसभा के पूर्व भाजपा द्वारा विजय संकल्प विशाल रैली निकाली गई। जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्थान-स्थान पर लोगों ने स्वागत मंच लगाकर स्वागत किया तो वहीं घरों, बिल्डिंग एवं अपने आंगन से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस पर पुष्प वर्षा कर स्वागत-अभिनंदन किया और विजयश्री की शुभकामनाएं दी। रेली गणपति नाका आलमगंज से प्रारंभ हुई, जो सिंधीपुरा गेट, बुधवारा, दाउदपुरा, ढोलीवाड़ा, अनाज मंडी, इकबाल चौक, सुभाष चौक होते हुए गांधी चौक पहुंचकर विशाल आमसभा में परिवर्तित हुई। विशाल आमसभा को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल तथा भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने संबोधित किया।
