वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

पड़रिया तुला खीरी क्षेत्र में एक अजब गजब का मामला सामने आया है। वर्षों पहले खिलाई गई रोटी की वफादारी में एक इंसान की मौत पर अचानक जंगल से भटकर आया एक जंगली जानवर फूट फूट कर रोने लगा। बेजुबान जानवर का विलाप देख वहां खड़े इंसान भी रोने पर मज़बूर हो गए। जिसकी चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है, बताते हैं इससे पहले यह जानवर इस मृत्यु हुए बुजुर्ग के घर पर कभी नहीं आया था।
पड़रिया तुला क्षेत्र के गोन्धिया गांव के निवासी 65 वर्षीय चंदन वर्मा का लम्बी बीमारी के चलते मंगलवार के दिन निधन हो गया था। निधन पर शव के आस-पास घर परिवार व गांव के लोग बैठकर शोक मना रहे थे। तभी अचानक घर के अंदर कहीं से एक बन्दर आ गया। बन्दर सबसे पहले चंदन के शव के पास जाकर चादर हटाकर चेहरा देखा और उसके बाद शव के पास बैठी औरतों के पास बैठकर रोता तो कहीं मायूस होकर ज़मीन पर लेट जाता तो कहीं औरतों के पास बैठकर उन पर हांथ रखकर दिलासा दिलाता बन्दर नजर आया। जिसे देख वहां पर एकत्र लोग भी अपने आपको रोने से नहीं रोक पाए। क़रीब दो घण्टे रुकने के बाद बन्दर पुनः जंगलों की तरफ चला गया। चंदन वर्मा के पुत्र सोनू वर्मा बताते हैं कि आज से करीब पांच साल पहले उनके पिता गांव से तीन किलो मीटर दूर गोन्धिया जंगल के किनारे अपनी फसल बेचने जाते थे वहीं पर खाना खाते और इस बन्दर को भी खाना खिला देते थे। जब से पिता जी बीमार हो गए तब से खेत जाना बंद कर दिया था। इससे पहले यह बन्दर कभी भी हमारे घर नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद इंसान के प्रति एक जानवर की संवेदना देखकर क्षेत्र के लोग भावुक हैं।
