अतिश दीपंकर, नई दिल्ली, NIT;
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि हज 2017 से सम्बंधित संपूर्ण प्रक्रिया केंद्र सरकार ने समय से पहले ही पूरी कर ली थी जिससे हज सुचारु रूप से आयोजित हो रहा है।
श्री नकवी ने हज 2017 के लिए मुंबई से जाने वाले 300 हज यात्रियों के पहले जत्थे को छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना किया। श्री नकवी ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दी। मुंबई से कुल 5600 हाजी हज पर जा रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि इस बार का हज अभी तक बहुत ही सफल रहा है। केंद्र सरकार द्वारा हाजियों की सुविधा को प्राथमिकता दे कर तैयारियां समय से बहुत पहले ही पूरी कर ली गई थी।
श्री नकवी ने कहा कि नई हज नीति – 2018 बहुत जल्द जारी कर दी जाएगी और अगले साल से हज इस नई हज पालिसी के अनुसार आयोजित किया जायेगा। नई हज पालिसी का उद्देश्य हज की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना है। इस नई पालिसी में हज यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जायेगा। समुद्री मार्ग से भी हज यात्रा को दोबारा शुरू करना भी इस नई हज पालिसी में शामिल है।
श्री नकवी ने कहा कि हज यात्रियों के मुंबई से समुद्री मार्ग के जरिये जेद्दा जाने का सिलसिला 1995 में रुक गया था। हज यात्रियों को जहाज (समुद्री मार्ग) से भेजने पर यात्रा संबंधी खर्च करीब आधा हो जाएगा। नई तकनीक एवं सुविधाओं से युक्त पानी का जहाज एक समय में चार से पांच हजार लोगों को ले जाने में सक्षम हैं। मुंबई और जेद्दा के बीच 2,300 नॉटिकल मील की एक ओर की दूरी सिर्फ दो-तीन दिनों में पूरी कर सकते हैं। जबकि पहले पुराने जहाज से 12 से 15 दिन लगते थे।
हज 2017 के लिए हाजियों के जत्थे की रवानगी 24 जुलाई से देश के विभिन्न हिस्सों से शुरू हो चुकी है। सऊदी अरब द्वारा कोटे में की गई बड़ी वृद्धि के बाद हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से 1,25,025 हाजी हज यात्रा पर जा रहे हैं। जबकि 45,000 हज यात्री प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हज पर जा रहे हैं। इस वर्ष भारत में 21 केंद्रों से कुल 1,70,025 हज यात्री जा रहे हैं।
पहले और दूसरे चरण के दौरान अभी तक लगभग 85 हजार हाजी जा चुके हैं। पहले चरण में दिल्ली, गया, गोवा, गौहाटी, कोलकाता, लखनऊ, मंगलौर, श्रीनगर, वाराणसी से हाजी सऊदी अरब के लिए रवाना हुए।
दूसरे चरण में हाजी बैंगलोर, भोपाल, रांची, नागपुर, मुंबई, जयपुर, हैदराबाद, कोच्चि, चेनई, औरंगाबाद, अहमदाबाद, इंदौर से जा रहे हैं। दूसरा चरण 26 अगस्त को समाप्त होगा।
