मकसूद अली, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT;
जिला परिषद के शिक्षा विभाग के तहत चलाई जाने वाली लगभग 292 प्राथमिक शालाएं छात्रों की कमी के कारण बंद होने की कगार पर हैं। उल्लेखनीय है कि 76 स्कूल ऐसे भी हैं जहां केवल 10 छात्र हैं।
जिला परिषद अंतर्गत जिले में करीब 2101 प्राथमिक और माध्यमिक शालाएं चल रही है। इसमें प्राथमिक में कक्षा 1 से 4 तथा माध्यमिक में कक्षा 5 से 7 तक का समावेश है, किंतु अब नए पैटर्न के अनुसार इसमें बदलाव किया गया हैं। अब प्राथमिक में कक्षा 1 से 5, और माध्यमिक में कक्षा 6 से 8 तक का समावेश किया गया है। गत शिक्षासत्र से इस पर अमल शुरू किया गया हैं, किंतु जिला परिषद की शालाओं को अब छात्र मिलना मुश्किल हो गया है। शिक्षकों की कमी दूसरी तरफ जहां अधिक छात्र हैं ऐसी कई शालाओं में शिक्षकों की कमी हैं। पालघर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कम छात्रों वाली शालाएं बंद करने का निर्णय लिया है।
