मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने पुराने जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रोगी पंजिका सत्यापित ना पाए जाने तथा स्टॉक रजिस्टर भी प्रमाणित न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए स्टॉक रजिस्टर, विभाग रोगी पंजिका को सत्यापित कराने के निर्देश दिए।
जिला होम्योपैथिक अधिकारी कार्यालय कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ सुमन कुमारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका वेतन रोकते हुए जवाब तलब करने के कड़े निर्देश दिए।
होम्योपैथिक दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट द्वारा स्टाक के विषय में स्पष्ट रूप से जानकारी उपलब्ध न करा पाने पर जिलाधिकारी ने स्टॉक वेरिफिकेशन कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
दिव्यांग प्रमाण पत्र कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दिव्यांग बोर्ड अंतर्गत बनाए जा रहे दिव्यांग प्रमाण पत्र पंजीकरण प्रक्रिया के विषय में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र बनवाने आए दिव्यांगजनों से बातचीत भी की। दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने के दौरान अव्यवस्थाएं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने आए हुए दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु पंजीकरण कराने आए दिव्यांगजनों को क्रमवार पंजीकरण कर दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए।
होम्योपैथिक दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट मोहम्मद कासिम द्वारा उपलब्ध स्टॉक एवं वितरण के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न कराये जाने पर कड़ी फटकार लगाते हुए स्टॉक वेरिफिकेशन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। होम्योपैथिक दवा वितरण कक्ष अत्यंत जर्जर अवस्था में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कक्ष बदलने के भी निर्देशित किया।
इस दौरान साफ सफाई व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
