अविनाश द्विवेदी, भिंड ( मप्र ), NIT;
स्वर्गीय रामसनेही सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे तीन दिवसीय पर्यावरण संचेतना अभियान के तहत स्वर्गीय सरवन सिंह मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल के 400 से अधिक छात्र छात्राओं ने सामूहिक रुप से पर्यावरण संरक्षण के प्रति शपथ ली।
समिति सचिव संजीव बरूआ ने शनिवार की सुबह 8:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्र छात्राओं से कहा कि पौधरोपण के नाम पर शासन स्तर पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं लेकिन धरातल पर उसकी सार्थकता नजर नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि पौधे रोपना भर उद्देश्य नहीं है, मकसद यह है कि पौधे लगाने के बाद उनकी जिम्मेदारी से परवरिश की जानी चाहिए। दैनिक जीवन में तमाम जरूरतें लकड़ी से पूरी हो रही है ऐसे में वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण के लिए खतरा पैदा कर दिया है। पूर्व में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस रहता था लेकिन अब तापमान की अधिकता बढ़ गई है स्थिति यह है कि 48 से 49 डिग्री तक पहुंच गया है। नदियों वह का निरंतर गिरता जलस्तर आने वाले भयावह समय के संकेत हैं। संकट से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को एक या दो पेड़ लगाने की आवश्यकता है। इस मौके पर उन्होंने बरसात के पानी को सहेजने का आह्वान भी किया। साथ में प्रत्येक छात्र छात्रा को यह शपथ दिलाई कि वे सप्ताह घर के अंदर 1 – 1 या 2 – 2 पौधे रोपकर उनकी जिम्मेदारी से देखभाल कर के वृक्ष बनाएंगे।
