फ़राज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

भारत-नेपाल के बीच द्विपक्षीय व्यापार प्रबंध को बढ़ावा देने के लिए नवनिर्मित आईसीपी लैंड पोर्ट का उद्घाटन गुरुवार को किया जाएगा। इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट परिसर में आयोजित समारोह में इसका शुभारंभ होगा। नई दिल्ली में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रिमोट दबाकर इसका उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन को लेकर आईसीपी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रुपईडीहा स्थित लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मैनेजर संदीप गुप्ता ने बताया कि आईसीपी में समारोह को देखने के लिए दिल्ली से डीडी 1 पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है । आईसीपी भवन गेट के पास लगे शिलापट्ट के पर्दे को दोपहर 11 बजते ही दोनों देशों के पीएम रिमोट कंट्रोल से हटाकर उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन होने के साथ ही दोनों देशों की तरफ मालवाहक वाहन का आईसीपी से आवागमन कराया जाएगा।
लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के फाइनेंस डिपार्टमेंट की श्रीमती रेखा रैकर ने बताया कि यह भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसके संचालन से भारत नेपाल के व्यापार को गति मिलेगी साथ ही व्यापारियों को इससे प्रतिदिन होने वाली अतिरिक्त खर्च में भी कमी आएगी। यह परियोजना भारत नेपाल मैत्री संबंध को और प्रांगण बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
