यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार के निर्देशन में जिले में कल हनुमान जन्मोत्सव को लेकर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। शोभायात्रा निकलने वाले इलाकों में पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। शोभायात्रा के साथ चलने वाले पुलिसकर्मियों के साथ ही जगह जगह फिक्स पिकेट्स पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, इसके साथ ही सादा वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है जो असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेगें। ड्रोन कैमरों के जरिये आज शोभायात्रा के रुट का सर्वे भी कराया गया है। ड्रोन कैमरों के जरिये पूरी निगरानी रखी जाएगी और वीडियो रिकार्डिंग भी कराई जावेगी। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज पुलिस टीमों द्वारा रुट मार्ग पर फ्लैग मार्च कर आमजन को शांति एवं सौहार्द्र के साथ त्यौहार मनाने का संदेश दिया गया है और चेतावनी दी गई है कि गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
