अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

आज दिनांक 26 जनवरी 2023 को आर्मी पब्लिक स्कूल आगरा ने 74वां गणतंत्र दिवस बड़ी ही उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया। आजादी का अमृत महोत्सव श्रंखला के अंतर्गत विद्यालय ने विभिन्न गतिविधियों को आयोजित किया जिसके तहत 16 जनवरी को मिनी मैंराथन और 20 जनवरी को विद्यार्थियों की जानकारी के लिए विभिन्न प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन किया गया साथ ही विद्यार्थियों ने केंद्रीय विद्यालय- 3 में कला प्रतियोगिता में भी शिरकत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजनीश मोहन (चेयरमैन, आर्मी पब्लिक स्कूल आगरा), विशिष्ट अतिथि डॉ. अनुपमा मोहन (चेयरपर्सन, एफ.डब्लू.ओ. आगरा) का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रुपाली गुप्ता द्वारा ‘बालवृक्ष’ भेंट कर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजनीश मोहन ने कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यार्थियों को भारतीय सेना के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्मित “मोटिवेशन हॉल” के उद्घाटन के पश्चात अपने कर कमलों द्वारा ध्वजारोहण कर, कार्यक्रम को गति प्रदान की। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के चारों सदनों ने कदमताल (मार्च पास्ट) की अनुशासित व जोशपूर्ण प्रस्तुति दी।

तदोपरांत ए. डब्ल्यू. ई. ईएस. (AWES) सेंट्रल कमान में विद्यालय को विस्तृत श्रेणी (लार्ज कैटगरी) में सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक उन्नत विद्यालय (बेस्ट इम्प्रूव्ड विद्यालय) के अवार्ड -2022 के लिए ट्रॉफी प्रदान की गयी।
इस सुअवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रुपाली गुप्ता को जी. ओ. सी-इन-सी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही विद्यालय की प्राथमिक शिक्षिका श्रीमति मनीषा सजीश को ए. डब्ल्यू. डब्ल्यू. ए. का उत्कृष्टता पुरस्कार डॉ. अनुपमा मोहन (चेयरपर्सन एफ.डब्ल्यू.ओ. आगरा) के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को समापन की ओर ले जाते हुए मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजनीश मोहन ने उपस्थित छात्रों और शिक्षकों से आह्वान करते हुए कहा कि आज हम सब इस पावन दिवस पर यह संकल्प लेते हैं कि हम सब देश की अस्मिता और उन्नति के प्रति हमेशा दृढ़संकल्पित रहेंगे।
