रफीक आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दमुआ नगर के जनहितकारी संस्था गरीब व जरूरतमंदों के लिए वरदान सिद्ध हो रही लायंस सेवा समिति दमुआ का 14 वां वार्षिक उत्सव सादगी के साथ मनाया गया जिसमें गरीब व जरूरतमंद बहनों को नई साड़ियां भाइयों को धोती कपड़े और अत्याधिक जरूरतमंदों को गर्म कपड़े शाल तथा कंबल वितरण किए गए। ज्ञात हो कि समिति 7 वर्षों से लगातार जन सहयोग से प्रतिदिन गरीब भोज सेवा, प्रति सप्ताह मंगलवार कपड़े वितरण, प्रति माह का पहला मंगलवार निःशुल्क नेत्र शिविर, प्रति पर्व रक्षाबंधन, दीपावली एवं मकर संक्रांति नई साड़ी धोती कपड़े एवं गर्म कपड़े व कंबल, प्रति मौसम ठंड में गर्म कपड़े कंबल, गर्मी में जूते चप्पल, बारिश में गोमची व छाते वितरण करती है। इसी के साथ गरीब बच्चियों की शिक्षा व शादी में सहयोग, सभी धर्म के गरीब व असहाय परिजनों के निधन पर उनके दफन व दाह संस्कार का संपूर्ण सामग्री का खर्च समिति वहन करती है। समिति ऐसे अनेकों नेक, परमार्थ व जनहित के कार्यों को संचालित कर रही है। कार्यक्रम में उपस्थित समिति उपाध्यक्ष डॉ आर के विश्वकर्मा, डॉ संजय भटकर, सचिव बृजलाल प्रजापति, रतनलाल सूर्या, पत्रकार संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार राही, शिव यादव, रफीक आलम ने अपने अपने उद्बोधन में समिति के अध्यक्ष रवि शंकर साहू एवं उनकी पूरी टीम के द्वारा संचालित सभी कार्यप्रणाली की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित कालरी प्रबंधक आर एस पवार, हमीद खान, ओ पी सोनी, निसार राईन, भीमराव गावंडे, राकेश खातरकर, घनश्याम गोस्वामी, कुमारी मनीषा साहू, शंकर अतुलकर, पंजाब राव भुम्मरकर की विशेष भूमिका रही। मंच संचालन शिव यादव तथा समिति अध्यक्ष रविशंकर साहू ने समस्त नागरिक, सदस्यों व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
