यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

शहरी ओलंपिक खेलों को लेकर शिक्षा विभाग भी जोर शोर से तैयारियों में जुट गया है। जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल के निर्देशन में ब्लॉक धौलपुर के सभी शहरी राजकीय व निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों की एक बैठक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दामोदर लाल मीणा की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई जहां सभी ने एक सुर में छात्रों व अन्य लोगों के अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने की शपथ ली। बैठक को सम्बोधित करते हुए मीणा ने संस्था प्रधानों से कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों की अभूतपूर्व सफलता के बाद शहरों में भी इन खेलों को शुरू किया जा रहा है। ग्रामीण ओलंपिक खेलों में 30 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया जो वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। इससे प्रदेश में सामाजिक सद्भाव के साथ खेलों को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। लोग खेल के मैदान में उतर रहे हैं जिससे वह स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।इससे खेलों की नर्सरी तैयार होगी और इसके भविष्य में बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि शहरी ओलंपिक के तहत 7 प्रकार के खेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें कबड्डी (बालक एवं बालिका वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक एवं बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग), एथलेटिक्स (100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर), फुटबॉल (बालक वर्ग) एवं बास्केटबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग) में आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों में सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। उन्होंने आव्हान किया कि सभी संस्था प्रधान खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल rajolympic.rajasthan.gov.in के माध्यम से 21 जनवरी तक किया जा सकता है। पंजीयन व्यक्तिगत अथवा सामूहिक श्रेणियों में करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग का इन खेलों में महत्वपूर्ण रोल है। धौलपुर शहर में 60 वार्ड को 5 क्लस्टर में बांटकर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। क्लस्टर में खेलों के बाद विजयी खिलाड़ी आपस मे पाँचों क्लस्टर से खेल कर नगर परिषद की टीम चुनी जाएगी। सभी खिलाड़ियों को निशुल्क ड्रेस व भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सविता सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि 26 जनवरी से शुरू होने वाले शहरी ओलंपिक खेलों की तैयारियां चरम पर है। ग्रामीण ओलंपिक खेलों की सफलता के बाद शहरों में होने वाले खेलों को सफल बनाने के लिए हम सब को पूरी प्लानिंग के साथ इस काम में जुटना होगा। बैठक में विकास अधिकारी राजकुमार वर्मा, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत, लेखाधिकारी मांगीलाल आर्य, खेल प्रभारी विजय शर्मा ने भी अपने विचार रख धौलपुर में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। संस्था प्रधानों ने भी एकजुट दो दिन में ही धौलपुर शहर को राज्य में अधिकतम रजिस्ट्रेशन कराने का संकल्प लिया।
