अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

सिद्धार्थ नगर जिला के खुनियांव विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़या में सुशासन सप्ताह के तहत सुशासन दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित ग्रामवासियों को विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी गई।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में 2014 से मनाया जा रहा है। भारत सरकार इसे सरकार का कार्य दिवस के रूप में मनाती है। प्रशासन गांव में पहुंच कर सरकार के विकास योजनाओं की जानकारी देता है। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी खुनियांव विजय कुमार मिश्रा के निर्देशन में रविवार को आयोजित सुशासन दिवस में ग्राम विकास अधिकारी हरेंद्र नाथ पांडये ने उपस्थित ग्रामवासियों को सरकार की विकास योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने राशन कार्ड एवं फ्री राशन कार्ड वितरण के विषय में जानकारी दिया। आगनबाड़ी, पोषाहार, मनरेगा संबंधी जानकारी दिया। केंद्रीय वित्त, राज्य वित्त, व्यक्तिगत शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय, स्वच्छता के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति सरकार के योजनाओं का लाभ उठाएं। सरकार उनके कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। ग्राम विकास अधिकारी अतुल सिंह यादव ने जल जनित बीमारियों, कुपोषण के विषय में उपस्थित लोगों को जानकारी दिया। ताजा भोजन करने, स्वच्छ जल और इंडिया मार्का हैण्ड पम्प का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। ग्राम प्रधान जमाल अहमद ने उपस्थित लोगों से कहा कि आप लोग अपने आसपास गंदा पानी जमा न होने दें। गांव के गली, मोहल्ले को साफ रखें। खुले में शौच न करें। शौचालय का प्रयोग करें। इस अवसर पर पंचायत सहायक सुमन चौरसिया, कार्यकत्री बढ़या रेखा देवी, कार्यकत्री गीता देवी, निर्मला देवी, दुर्गावती, कोटेदार सफीक खान, रोजगार सेवक कृष्ण कुमार, सफाई कर्मी इरफान, रसोईया चंद्रावती के अलावा विजय चौरसिया, कृष्ण कुमार सैनी, सुनील सैनी, उदय भान सैनी, खलील, रामस्वरूप, संगीता, सुनीता सहित भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
